आरोपी ने अपने जीजा विजय का खाता लेकर ठगों को दिया था
खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आईपीओ में निवेश के बहाने 11 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अनिकेत चौधरी मध्यप्रदेश इंदौर का रहने वाला है और बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। आरोपी ने अपने जीजा विजय का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को बेचा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि विजय के खाते में ठगी के 50 हजार रुपये आए थे। विजय को मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पकड़े गए अनिकेत चौधरी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को यह शिकायत आईपी कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। इसमें कहा गया कि उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफा दिलाने वाली कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने एप डाउनलोड कराकर रजिस्ट्रेशन कराया। बाद में आईपीओ में 11 लाख रुपये निवेश करा लिए। आरोप है कि रिफंड के लिए कहा तो आरोपियों ने कॉल व मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। तब मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।