फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के बाढ़ मोहल्ला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बाल विवाह निषेध, महिला अधिकारों तथा सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय नागरिकों विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना था। प्रोटेक्शन व चाइल्ड मैरिज अधिकारी हेमा कौशिक ने कहा कि यह कुप्रथा समाज की प्रगति में बाधक होने के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह केवल व्यक्तिगत अधिकारों का हनन नहीं, बल्कि सामाजिक विकास की प्रक्रिया को भी प्रभावित करता है। उन्होंने बल दिया कि इस समस्या के उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी, जागरूकता और उत्तरदायित्वपूर्ण सहयोग आवश्यक है, ताकि एक सुरक्षित, समानता पूर्ण और सशक्त भविष्य का निर्माण किया जा सके। ब्यूरो