फरीदाबाद। नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2026 के तहत कचरा पृथक्करण, स्टॉप डायरिया अभियान और सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ विषय पर शहर में जन-जागरूकता अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के दौरान स्कूलों और बाजारों में लोगों को स्वच्छता तथा कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के तहत एनआईटी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय में छात्राओं को गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रह, चार बिन स्रोत पृथक्करण प्रणाली, डायरिया से बचाव और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं, सेक्टर-16 मार्केट और ओल्ड फरीदाबाद में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। कलाकारों ने रोचक प्रस्तुतियों के जरिये बताया कि स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण न केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाता है, बल्कि कई संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में भी सहायक है। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) एक्सपर्ट कल्पना मंडल ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। ब्यूरो