संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 20 फरवरी को दिल्ली में संपन्न हुए एआई समिट के बाद अब जिले के औद्योगिक संगठन भी औद्योगिक इकाइयों में एआई को उपयोग में लाने का मन बना रहे हैं। इसके तहत वह आगामी माह में जागरूकता कार्यक्रम भी चला सकते हैं। जिले के औद्योगिक संगठनों की मानना है कि एआई आज के समय बेहद उपयोगी है। इसके तहत कई कार्यों को बेहद आसानी से किया जा सकता है।
हालांकि उनका कहना है कि कई उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों को अभी इसके बारे में बहुत जागरूक करने की जरूरत है, ताकि वह पूर्ण रूप से समझ सकें की यह क्या चीज है और कैसे इसका इस्तेमाल बेहद फायदेमंद हो सकता है। बता दें कि जिले में करीब 25 से 30 हजार औद्योगिक इकाइयां मौजूद हैं।
फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने बताया कि एक छोटा सा कारखाना चले रहे उद्यमी से लेकर बड़े उद्योगपति तक सभी के लिए एआई बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हम आगामी महीने से एआई के बारे में उद्यमियों को जागरूक करने का विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा हालांकि अभी इसके लिए कोई समय निर्धारित नहीं है, पर होली के बाद इसे किया जा सकता है।
इसके अलावा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद के महासचिव रामणीक प्रभाकर ने कहा कि एआई आज के समय की मांग है, यह कर्मचारियों और उद्यमियों दोनों के लिए बेहद फायदेमंद है।