फरीदाबाद में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के आदेश पर भी नगर निगम करीब एक साल में पूरे शहर में पार्किंग का मार्किंग नहीं करा पाया। इससे लोगों को वाहन पार्क करने में असुविधा हो रही है। दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस की ओर से सख्ती बढ़ती जा रही हैं।
बता दें कि शहरी स्थानीय निकाय के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता पिछले साल 24 जून को नगर निगम मुख्यालय का निरीक्षण किया था। उन्होंने निगम मुख्यालय में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पार्किंग की मार्किंग अभियान शुरू करने के लिए कहा था। मंत्री का मानना था कि पार्किंग के लिए जहां अलग से स्थान मिलना मुश्किल है, उन स्थानों पर मार्किंग कर दी जाए, जहां वाहन पार्क हो सके। इससे यातायात भी सुगम होगा।
मंत्री के आदेश पर नगर निगम के अधिकारी गंभीर नहीं हुए और काम धीमी गति से चल रहा है। अब करीब एक साल होने वाले हैं और पूरे शहर में पार्किंग की मार्किंग का काम पूरा नहीं हो पाया है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। कई जगहों पर मेन सड़क पर वाहन पार्क होने से यातायात पुलिस चालान कर देती है। कई बार वाहनों को क्रेन की मदद से उठा ले जाती है। इससे वाहन चालक को भटकना पड़ता है। लोगों का कहना हैं कि नगर निगम पार्किंग को लेकर गंभीर नहीं है। पार्किंग बनाना तो दूर मार्किंग करना भी निगम को भारी पड़ रहा है।
ओल्ड फरीदाबाद जोन में हुआ
ओल्ड फरीदाबाद जोन के कार्यकारी अभियंता सुशील ठाकरान ने बताया कि जोन में कई जगहों पर पार्किंग की मार्किंग हो चुकी है। इसमें सेक्टर 15 और 14 समेत अन्य जगहों पर मार्किंग की जाएगी। एनआईटी जोन के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि मार्किंग के लिए टेंडर जारी किया गया है। तीन दर्जन जगहों की पहचान एसीपी के साथ मिलकर की गई है। कुछ जगहों पर टाइल्स लगाने का भी काम होगा। हालांकि अभी बल्लभगढ़ समेत अन्य जगहों पर काम धीमी गति से चल रहा है।
नए डीसीपी ट्रैफिक को लेकर गंभीर
नए डीसीपी ट्रैफिक हर्षवर्धन ने ट्रैफिक को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। ऐसे में सड़कों पर वाहनों को पार्क करने वालों का चालान होने लगे हैं। ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। दूसरी ओर नगर निगम समेत अन्य सरकारी विभाग पार्किंग को लेकर गंभीर नहीं है। हालांकि ट्रैफिक एसीपी के साथ निगम ऐसे जगहों के चयन कर मार्किंग कराने में लगा हुआ है। शहर में ओल्ड फरीदाबाद तथा बल्लभगढ़ के अलावा एनआइटी एक, दो, तीन, पांच में, सेक्टर-सात, 10 मार्केट, सेक्टर-15, सराय ख्वाजा समेत अन्य जगहों पर पार्किंग की समस्या गंभीर है।
पार्किंग की मार्किंग को लेकर काम चल रहा है। टेंडर के माध्यम से काम होने के कारण इसमें देरी हो रही है। इसे जल्द पूरा कराया जा रहा है। -ओमवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता नगर निगम