योगेश गुप्ता के तूफानी शतक से एवरेज बैटर्स ने जीता मुकाबला। स्त्रोत संवाद
- फोटो : 1
टी-20 मैच में एवरेज बैटर्स ने निक ब्लास्टर्स को सात विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर सोमवार को खेले गए मुकाबले में एवरेज बैटर्स ने बेहद आसानी से निक ब्लास्टर्स को सात विकेट से हरा दिया। एवरेज बैटर्स के लिए 120 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले योगेश गुप्ता ने पावरप्ले में ही लगभग अपनी टीम को जीत सुनिश्चित कर दी थी। 20 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी को आई ब्लास्टर्स की टीम 18.3 ओवर में 179 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवरेज बैटर्स ने महज 12.1 ओवर में तीन विकेट पर 180 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
निक ब्लास्टर्स के लिए नंबर आठ पर बल्लेबाजी को आए मनोज भड़ाना ने 11 छक्कों की सहायता से 38 गेंदों पर 90 रनों की शानदार पारी खेली जबकि साहिल ने 48 रनों का योगदान दिया। एवरेज बैटर्स के तेज गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए आठ विकेट झटके, इनमें बालम बिष्ट ने तीन विकेट चटकाए जबकि सुमित और शैलेंद्र को दो-दो और हेमू ने एक विकेट लिया।
इसके जवाब में बैटर्स के लिए बल्लेबाजी को आए ओपनर योगेश गुप्ता ने महज 38 गेंदों पर नौ छक्के और 14 चौकों की सहायता से 120 रन बनाकर मुकाबला अपनी टीम के हित में कर दिया। इसके अलावा सुमित ने 21 और मदन ने 19 रनों का योगदान दिया। ब्लास्टर्स के लिए गुलशन ने दो और नीरज ने एक विकेट लिया। योगेश गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया।