चालकों को कार्रवाई का नहीं है डर, खुलेआम करते हैं नियमों का उल्लंघन
काजल कुमारी
फरीदाबाद। नीलम चौक पर यातायात की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। यहां ऑटो चालकों की ओर से सड़क के बीचों-बीच वाहन खड़े करके सवारी भरना आम बात हो गई है, जिससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इस चौक के पास नागरिक अस्पताल है जहां एम्बुलेंस की आवाजाही लगी रहती है। इसके अलावा मथुरा रोड, मेट्रो स्टेशन, रेलवे रोड, बाटा चौक के लिए यहां से वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सड़क के बीचों बीच ऑटो खड़े रहने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हर रोज इस चौराहे पर ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग और मनमानी के कारण घंटों जाम रहता है। स्कूल, ऑफिस और अस्पताल जाने वाले लोग खासे परेशान रहते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की उपस्थिति या कार्रवाई बहुत कम देखने को मिलती है। लोगों का कहना है कि ऑटो चालकों को कोई डर नहीं है, इसलिए वे नियमों की अनदेखी करते हुए बीच सड़क पर ही रुक जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या पर सख्त कार्रवाई की जाए, नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो और ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित किया जाए, ताकि शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
पांच महीने में 10 हजार चालान काटे
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। हम लगातार चेकिंग अभियान चला रहे हैं, लेकिन लोगों में जागरूकता की कमी और कुछ ऑटो चालकों की लापरवाही के कारण समस्या बनी हुई है। इसी कड़ी में चालकों के पिछले पांच महीनों 10 हजार चालान काटे गए हैं। नीलम चौक पर निगरानी रखी जाएगी, अगर अभी भी ऑटो चालक नहीं मानते हैं तो इसी तरह आगे की कार्रवाई चलती रहेगी।