बस निकालने के लिए नहीं मिलती है जगह, कई बार की जा चुकी है शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ बस डिपो के बाहर ऑटो का जमावड़ा लगा होने की वजह से बस चालकों को बस निकलने में काफी परेशानी होती है। इस वजह से कई बार बस लेट हो जाती है। जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। इस समस्या को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन से लेकर आरटीए और नेशनल अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भी अवगत कराया जा चुका है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बल्लभगढ़ बस डिपो से हर रोज करीब 168 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाती हैं। डिपो से हर रोज 5000 से अधिक यात्री विभिन्न जगहों के लिए सफर करते हैं। यात्रियों को समय पर पहुंचने के लिए बसों की समय सारणी तैयार की गई है। बल्लभगढ़ बस डिपो के बाहर दो रास्ते बनाए गए हैं। जिसमें से एक से बस निकलती हैं, वहीं दूसरे से अंदर आती हैं। दोनों रास्तों पर ऑटो का जमावड़ा होने की वजह से बसों को निकालने में चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार बस जाम में फंस जाती है जिस वजह से डिपो का जो रास्ता 5 मिनट का है उसमें आधा घंटा लग जाता है। जिससे यात्री अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पाते हैं।
रोडवेज नेता रविंद्र नगर का कहना है कि ऑटो चालकों की वजह से बस चालकों को काफी परेशानी होती है। समय सारणी के अनुसार बस नहीं निकलने पर यात्रियों को परेशानी होती है। साथ ही दूसरी जगह पर बस का इंतजार कर रहे यात्री भी उनके डिपो में ऑनलाइन शिकायत कर देते हैं कि बस समय अनुसार नहीं चल रही है। इसको लेकर उनकी ओर से कई बार महाप्रबंधक से लेकर पुलिस आयुक्त को अवगत कराया जा चुका है।