गाड़ी को भी किया क्षतिग्रस्त, पुलिस ने केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बड़खल गांव में दो पक्षों में चल रहा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को फिर से एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला करते हुए मारपीट करने के साथ ही उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि सोसाइटी के बाहर सड़क किनारे दोस्त का इंतजार कर रहे युवकों पर कार सवारों ने हमला कर दिया और गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। । इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि थाना एसजीएम नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बड़खल के बी ब्लॉक निवासी इमरान खान ने बताया कि वह लेक व्यू सोसाइटी में रहते हैं। रविवार की शाम को वह अपनी स्कार्पियो के पास दोस्त युसुफ व आदिल के साथ खड़े थे। उन सभी को शादी समारोह में जाना था। इसलिए वह एक अन्य साथी का इंतजार कर रहे थे। कुछ समय बाद बड़खल गांव के रहने वाला खूबी गाड़ी में देखकर हाथ से इशारा करके आगे चला गया। इमरान खान ने बताया कि कुछ देर बाद स्कॉर्पियो और ब्रेजा में गांव के रहने वाले मोबीन, वहीद, मुबारिक, अलमू, महबूब, इस्माल, आसिफ आए और उनके ऊपर ईंट, पत्थर व डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। उसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। आरोप है कि आरोपियों ने जबरदस्ती गाड़ी में खींच लिया और ले जाने लगे, लेकिन शोर मचाने पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।