-उटावड़ पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी, हथीन। उटावड़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, मलाई गांव निवासी युसफ की भाभी सब्बो अपने घर से पशुओं का चारा लेने जंगल की ओर अपने खेतों पर गई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले इरसाद, रसीद, बस्सी, रत्तो और रिहाना हाथों में लाठी, डंडा और तेजधार हथियार लेकर पहुंच गए और जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। घटना में इरसाद ने तेजधार हथियार से महिला के सिर पर हमला किया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा। अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटाई की और कपड़े भी फाड़ दिए। गंभीर रूप से घायल महिला बेहोश हो गई, जिसे देखकर आरोपी उसे मरा समझकर वहां से फरार हो गए।
युसफ ने बताया कि 15 दिन पहले भी आरोपियों ने उनके परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पंचायत में मामला सुलझाने के लिए राजीनामा हुआ था। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते पुनः हमला किया। उटावड़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।