-पुरानी रंजिश में वारदात, बीच-बचाव करने आई महिला का हाथ तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। थाना अंतर्गत खिल्लूका गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की राड, सरियों और लाठी-डंडों का इस्तेमाल कर एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोटें मारीं। हमलावरों ने बीच-बचाव करने आई उसकी भाभी का हाथ तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के चार सदस्यों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
खिल्लूका गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता हारून ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 मार्च की शाम को वह मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गुलफान, इकराम, वरिसा और अरफीना ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने बिना कुछ कहे हारून पर लोहे की राड और सरियों से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर उसके भाई की पत्नी शबनम और भतीजा आसिफ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने शबनम पर भी राॅड से हमला किया, जिससे उसका हाथ टूट गया।
वहीं आसिफ को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घायलों का इलाज हथीन और पलवल के सरकारी अस्पतालों में कराया गया। हथीन थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।