गैस कटर से एटीएम काट चोरों ने उड़ाए 7.28 लाख रुपये
बल्लभगढ़। गांव डीग में रविवार देर रात चोर आईडीबीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें से 7.28 लाख रुपये चोरी कर ले गए। थाना सरर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पांच दिनों में एटीएम लूट व चोरी की यह दूसरी घटना है। विगत 12 फरवरी को भी बदमाशों ने सेक्टर-10 मार्केट में लगे एटीएम को उखाड़ कर ले गए थे।
गांव डीग में मुख्य सड़क पर आईडीबीआई बैंक का एटीएम बूथ लगा है। रात को एटीएम बूथ बंद कर दिया जाता है। ऐसे में वहां कोई सुरक्षाकर्मी नहीं होता। पुलिस के अनुसार शनिवार रात एटीएम बूथ का शटर बंद कर उसमें ताला लगा हुआ था। रात करीब एक बजे वहां पहुंचे बदमाश शटर का ताला तोड़कर बूथ के अंदर दाखिल हुए। इस दौरान एक नकाबपोश बदमाश ने पहले अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे पर काला स्प्रे कर दिया, ताकि कुछ भी रिकॉर्डिंग न हो सके। अंदर घुसकर उन्होंने शटर बंद कर दिया एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 7.28 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि एटीएम बूथ के बाहर कोई कैमरा नहीं था। थोड़ी दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, लेकिन उसमें बदमाशों के चेहरे नहीं आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पहले इस एटीएम की रेकी की होगी। इसके बाद घटना को अंजाम दिया है।
पांच दिनों में हुई दूसरी घटना
पिछले पांच दिन में एटीएम से रुपये उड़ाने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 12 फरवरी तड़के करीब तीन बजे बदमाश सेक्टर-10 मार्केट में लगे एटीएम को उखाड़ कर ले गए थे। एटीएम में 11 लाख रुपये से अधिक नकदी थी। बाद में पुलिस ने खाली एटीएम को फिरोजपुर झिरका से बरामद किया था। इस मामले में भी अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस व क्राइम ब्रांच की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं।