कार्ड बदलकर व्यक्ति से साथ की 15000 की ठगी
ठगी करने का शुरु किया नया तरीका
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह शहर में एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उससे 15000 रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने करीब एक माह बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नूंह के वार्ड-5 निवासी पीड़ित नरेश कुमार पुत्र किशनचन्द ने बताया कि 18 जुलाई को शाम करीब नौ बजे एटीएम मशीन से पैसे निकालने के लिए सब्जी मंड़ी के पास हितैची एटीएम मशीन पर गया। जहा पर उसने अपने यूनियन बैंक के एटीएम कार्ड को एटीएम मशीन में लगाकर पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकल रहे थे तो पास में खड़े एक अज्ञात व्यक्ति से मदद ली। उस व्यक्ति ने उससे उसका एटीएम कार्ड ले लिया और पैसे निकालने का प्रयास किया। लेकिन उसके बाद भी रुपये एटीएम मशीन से नहीं निकले। जब वह एटीएम कार्ड को लेकर अपने घर आया तो करीब 15 मिनट बाद उसके फोन पर 10,000 रुपये कटने का संदेश आया। वह तुरंत बैंक बैलेंस चैक करने के लिए दोबारा हितैची के एटीएम मशीन पर एटीएम कार्ड लेकर गया लेकिन काफी प्रयास करके के बावजूद भी बैलेंस चैक नहीं हुआ। अगले दिन सुबह यूनियन बैंक में गया तथा वहां जाकर अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते से दो बैंक ट्रान्जेक्शन 10,000 रुपये व 5000 रुपये की हुई दिखाई गई। उसे बाद में पता चला कि उस अज्ञात व्यक्ति द्वारा दिया गया एटीएम कार्ड उसका नहीं हैं बल्कि उस अज्ञात व्यक्ति ने बदल दिया था। नूंह शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।