फरीदाबाद छांयसा मेडिकल कॉलेज में दवाइयां नही मिलने पर मरीज परेशान बाहर से दवाईयां खरीदने पर मजब
डॉक्टरों द्वारा लिखी गई अधिकांश दवाइयां निजी मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ती हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। छांयसा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के सरकारी दावों के बीच दवाइयों की कमी बड़ी समस्या बनती जा रही है। अस्पताल में वाले मरीजों को डॉक्टरों द्वारा लिखी गई अधिकांश दवाइयां यहां उपलब्ध नहीं हैं, जिसके चलते मरीजों को मजबूरन बाहर के निजी मेडिकल स्टोर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर तो सही तरीके से जांच कर रहे हैं, लेकिन दवाइयों की उपलब्धता नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीज खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं।
मरीज हंसराज शर्मा ने बताया कि वह पैर में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर ने उनका अच्छे तरीके से परीक्षण किया और दवाइयां लिखीं, लेकिन जब वह अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर पहुंचे तो वहां एक भी दवाई उपलब्ध नहीं मिली। उन्हें बताया गया कि सभी दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ेंगी। हंसराज शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन यदि अस्पताल में जरूरी दवाइयां ही उपलब्ध नहीं होंगी तो गरीब मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
स्थानीय लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि मरीजों को राहत मिल सके।