- गो सेवा को बढ़ावा, बल्लभगढ़ में विकास कार्यों को मिली रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। क्षेत्र में गो सेवा और विकास कार्यों को गति देते हुए दो गोशालाओं को कुल 39 लाख 72 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। विधायक मूलचंद शर्मा ने गांव छांयसा स्थित गोशाला द पिंजरापोल सोसायटी को 33 लाख 89 हजार 280 रुपये का चेक संस्था के प्रतिनिधि स्वराज भाटी और अन्य पदाधिकारियों को सौंपा। इसके अलावा गांव मोहना की गो सेवा समिति को हरियाणा गो सेवा आयोग की ओर से 5 लाख 83 हजार 740 रुपये की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि गो सेवा भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है और सरकार गोवंश संरक्षण व गोशालाओं के बेहतर संचालन के लिए लगातार प्रयासरत है।
23 लाख की लागत से होगा राजा नाहर सिंह पार्क का जीर्णोद्धार -
वहीं, क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाते हुए वार्ड-41 स्थित राजा नाहर सिंह पार्क के जीर्णोद्धार कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद महेश गोयल और क्षेत्रीय निवासियों की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य शुरू किया गया। पार्क के नवीनीकरण पर करीब 23 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत साफ-सफाई, हरियाली बढ़ाने, फुटपाथ निर्माण और बैठने की बेहतर व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि पार्क के सुधार से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को बेहतर वातावरण मिलेगा। इस दौरान मार्किट कमेटी चेयरमैन संजीव बैंसला, प्रेम खट्टर, रिछपाल लांबा, गौरव विरमानी, राजन छाबड़ा, विजय विरमान आदि उपस्थित रहे।