फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: गाड़ी को साइड देने के विवाद में एएसआई के बेटे ने की फायरिंग, दो भाई गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
तीसरे भाई और साले को भी गोलियां छूकर निकलीं, आरोपी गिरफ्तार
विज्ञापन


दिल्ली पुलिस के एएसआई का बेटा है आरोपी

संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। भारत कॉलोनी में गाड़ी को साइड देने के विवाद में दिल्ली पुलिस के एएसआई के बेटे जसवंत ने तीन भाइयों और उनके साथी पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि जसवंत ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से चार गोलियां चलाईं। इनमें प्रशांत (27) की छाती और प्रिंस (23) की गर्दन में गोली लगी। इनमें से एक बीटेक छात्र है। दोनों की हालत गंभीर है। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी जसवंत निवासी भारत कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात 12 नवंबर की रात की है। भारत कॉलोनी निवासी पीयूष अपने चचेरे भाई प्रशांत, प्रिंस और साले तुषार के साथ कार से दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर सेंट्रल बैंक के पास सड़क पर कई गाड़ियां खड़ी होने से रास्ता काफी संकरा था और आगे निकलने की जगह नहीं मिल रही थी। उसी दौरान सामने से कार लेकर आ रहे जसवंत को साइड देने के लिए जब इन्होंने गाड़ी का डिप्पर दिया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जसवंत ने अपनी कार इनकी गाड़ी के ठीक आगे अड़ाकर रास्ता रोक दिया। जब युवकों ने गाड़ी हटाने को कहा, तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। गुस्से में जसवंत ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाइसेंसी रिवाल्वर से जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
विज्ञापन



फायरिंग में एक गोली प्रशांत की छाती में जा धंसी, जबकि दूसरी गोली छोटे भाई प्रिंस की गर्दन में जा लगी। तीसरे भाई पीयूष और साले तुषार को भी गोलियां छूकर निकल गईं, जिससे वे बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों गंभीर रूप से घायल भाइयों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन कर प्रिंस के शरीर से गोली निकाल दी गई है, जबकि प्रशांत की हालत अभी भी गंभीर है।

गंभीर रूप से घायल प्रशांत का अपना इलेक्ट्रॉनिक शोरूम है। छोटा भाई प्रिंस बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र है। वहीं, आरोपी जसवंत भारत कॉलोनी का रहने वाला है और एनआईटी स्थित एक निजी अस्पताल के बिलिंग विभाग में नौकरी करता है। वह दिल्ली पुलिस में तैनात एक एएसआई का बेटा है।
विज्ञापन


लाइसेंसी रिवाॅल्वर, सात कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी जसवंत की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर, सात कारतूस, मौके से मिले चार खाली खोल और कार को बरामद कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मामले के अन्य पहलुओं की छानबीन कर रही है। थाना खेड़ीपुल में हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम को सौंपी गई, जिसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें