पांच दिवसीय कराटे प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुंबई में आयोजित की गई राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में दम दिखाते हुए फरीदाबाद के आशीष कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 20 से 24 जनवरी तक मुंबई में आयोजित की गई कराटे प्रतियोगिता में आशीष ने अपने शानदार खेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
ऑल इंडिया धम्मिका काई कराटे फेडरेशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के काता और कुमिते कैटेगरी में आशीष कुमार ने भाग लिया। जहां पर उन्होंने 70 किलोग्राम भारवर्ग में खेलते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता जीतने के बाद आशीष ने बताया कि बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के लिए स्वर्ण पदक जीतना सबसे खास होता है।
बता दें आशीष सिर्फ कराटे खेलते ही नहीं हैं, बल्कि वह कराटे कोच भी हैं, जो कि जिले के सेक्टर 37 स्थित अकादमी में वह बच्चों को कराटे के गुर सिखाते हैं। करीब एक माह पहले दिल्ली में आयोजित की गई अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में आशीष की अकादमी के 15 से अधिक खिलाड़ियों ने पदक पर कब्जा जमाया था। आशीष के पदक जीतने के बाद उनके परिवार सहित पूरे जिले के कराटे प्रशंसकों में खुशी का माहौल है।