दस्त, उल्टी और पेट दर्द के मामलों में इजाफा, एक बेड पर दो-दो मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बढ़ती गर्मी के साथ जिला नागरिक अस्पताल में छोटे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल में वर्तमान में लगभग 25 बच्चे भर्ती हैं। हालात यह हैं कि बाल चिकित्सा परिसर के साथ-साथ थैलेसीमिया वार्ड तक में बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। अस्पताल में भीड़ इतनी बढ़ गई है कि कई बेड पर दो-दो मरीजों को एक साथ रखना पड़ रहा है, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चिकित्सकों का कहना है कि इन दिनों दस्त, उल्टी और पेट दर्द के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसकी मुख्य वजह गर्मी के साथ दूषित खानपान और साफ-सफाई की कमी को माना जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों में संक्रमण जल्दी फैलता है, इसलिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर परेशानी जताई। संजय कॉलोनी के रहने वाले दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके दो साल के बेटे शिवांश के पेट में अचानक दर्द शुरू हो गया, जो लगातार बना रहा। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाना पड़ा।
वहीं जवाहर कॉलोनी की रहने वाली ममता देवी ने बताया कि उनके सात महीने के बेटे को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जो लगातार बढ़ती गई। मजबूरी में अस्पताल आना पड़ा, लेकिन यहां एक ही बेड पर दो मरीजों को रखा जा रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
मेरे दो साल के बेटे के पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया, जो रुक ही नहीं रहा था, इसलिए उसे अस्पताल लाना पड़ा।-दीपक गुप्ता
मेरे सात महीने के बच्चे को लगातार उल्टी-दस्त हो रहे थे, हालत बिगड़ने पर अस्पताल आए। बच्चे की हालत में सुधार तो है लेकिन यहां एक बेड पर दो मरीज होने से काफी परेशानी हो रही है।-ममता देवी
गर्मी के मौसम में बच्चों में दस्त, उल्टी और पेट दर्द के मामले तेजी से बढ़ते हैं। अभिभावकों को साफ पानी और ताजा भोजन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।-डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी