अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक अभियान चलाकर की गई कार्रवाई
भारती दुबे
फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से बीते एक वर्ष में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस वर्ष बिजली चोर उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए कुल 37 करोड़ 14 लाख, 25 हजार रुपये वसूल किए गए हैं।
यह रकम अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक वसूल की गई है। इस वर्ष के दौरान निगम ने 12,310 जगह चेकिंग अभियान चलाया। इसमें से करीब 4,944 जगहों पर बिजली चोरी की घटनाएं सामने आईं। इन पर कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं पर नियम अनुसार जुर्माना लगाकर रकम वसूल की गई।
लगातार मिल रही शिकायतों पर लिया संज्ञान
निगम के अधीक्षक अभियंता जितेंद्र ढुल ने बताया कि लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिन पर संज्ञान लिया गया। उन्होंने बताया कि कई लोग बिजली चारी करते हैं, जिससे बिजली निगम को काफी नुकसान होता है।
बिजली के अधिक कट लगने से लोगों को होती है परेशानी
बिजली चोरी करने पर ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने से बिजली कटने के अधिक मामले सामने आते हैं। ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है, जोकि कई घंटों में ठीक हो पाता है। इसके कारण अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधीक्षक अभियंता जितेंद्र ढुल ने बताया कि बिजली चोरी मामलों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आगे भी बिजली चोरी मामलों पर कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा, जिससे इस समस्या को रोका जा सके।