मंत्री राजेश नागर ने की विकास कार्यों की समीक्षा
सीवर-जलभराव और अतिक्रमण पर सख्ती
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में बिल्डरों की ओर से वसूले जा रहे कथित अनावश्यक रखरखाव शुल्क और नामांतरण की शिकायतों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री राजेश नागर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को ग्रेटर फरीदाबाद और तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमों के विपरीत वसूली पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन के साथ बैठक में राज्य मंत्री ने कहा कि सोसाइटियों में रहने वाले लोगों से शुल्क लेने के बाद उन्हें उसी के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना बिल्डरों की जिम्मेदारी है। लाइसेंस एग्रीमेंट में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सड़क, पार्क, कॉमन एरिया, ओपन जिम, कम्युनिटी सेंटर, मंदिर और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास व रखरखाव सुनिश्चित कराया जाए। नियमों का पालन नहीं करने वाले बिल्डरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। नामांतरण शुल्क से संबंधित शिकायतों पर भी मंत्री ने अधिकारियों से तत्काल जांच कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या पर भी बैठक में विशेष जोर रहा। मंत्री ने सेक्टर-91 समेत अन्य क्षेत्रों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने और जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। अवैध रूप से सीवरेज डिस्चार्ज किए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए एफएमडीए, एचएसवीपी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग और डीटीपी इंफोर्समेंट की संयुक्त टीम बनाने को कहा गया। साथ ही सीवरेज और एसटीपी व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए संयुक्त तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए।
जिन सोसाइटियों और क्षेत्रों में अभी सीवर कनेक्शन नहीं हैं, वहां नगर निगम को विशेष अभियान चलाकर पात्र भवनों व संस्थानों को कनेक्शन देने को कहा गया। ग्रेटर फरीदाबाद में सफाई और सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। दीपावली से पहले शहर की सूरत सुधारने के लिए सभी सब-डिवीजनों में बेहतर लाइटिंग व्यवस्था करने को कहा गया है। मुख्य मार्गों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को रोशन करने के साथ ग्रेटर फरीदाबाद के प्रमुख प्रवेश मार्गों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।