नूंह। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 5 से 7 फरवरी के बीच आयोजित दिव्यांग पेरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में काला खेड़ा साकरस निवासी अराफात पुत्र असलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 2500 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें अराफात ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अराफात ने लॉन्ग जंप स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने अराफात को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कमांडो हिदायत खान ने अराफात को सम्मानित करते हुए उन्हें गोद लेने की बात कही हैं। अराफात फिलहाल 12वीं कक्षा का छात्र है। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अराफात अब आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता, यहां तक कि ओलंपिक स्तर की तैयारी में जुट गया है। संवाद