पाली पुलिस चौकी से एमवीएन स्कूल तक लगभग एक करोड़ से बनेगी छह किलोमीटर लंबी दीवार, सीसीटीवी भी लगेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अरावली के जंगलों में अवैध खनन, अतिक्रमण और बाहरी लोगों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए एक करोड़ रुपये से छह किलोमीटर लंबी दीवार बनाई जाएगी। पाली पुलिस चौकी से सूरजकुंड रोड स्थित स्कूल तक लगभग छह किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। वन विभाग ने नवंबर के अंतिम सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है।
अधिकारियों ने बताया कि अरावली वन क्षेत्र की सीमा कई जगह सड़क और आबादी से सटी हुई है। इसके कारण बाहरी लोगों का जंगल में आना-जाना बना रहता है। कई बार लोग वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियां भी करने की कोशिश करते हैं। सुरक्षा दीवार बनने से जंगल की सीमा निर्धारित हो जाएगी और अनधिकृत प्रवेश पर भी रोक लगाई जा सकेगी। वन विभाग ने वर्ष 2023 में ही इस हिस्से में दीवार बनाने की योजना तैयार की थी, लेकिन बजट नहीं मिलने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया। अब बजट स्वीकृत होने के बाद विभाग ने इसे धरातल पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है।
-
वन्य जीवों के बाहर आने की नहीं रहेगी आशंका
वन मंडल अधिकारी झलकार उयके ने बताया कि वन्य क्षेत्र से कई बार वन्य जीव आबादी में पहुंच जाते हैं। दीवार बनने के बाद यह आशंका नहीं रहेगी। अरावली का जंगल तेंदुआ, लकड़बग्घा, नीलगाय और सियार समेत कई वन्यजीवों का प्राकृतिक ठिकाना है। वहीं जंगल में आने वाले बाइकर्स भी यहां नहीं आ पाएंगे। अवैध खनन पर रोक लग सकेगी और आमजनों के साथ वन्य जीव भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए चारो ओर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे।