चयनित विद्यार्थियों को चार साल तक हर माह मिलेगी एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पाने का मौका है। राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) 2026-27 के तहत परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी।
विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन पढ़ाई में बेहतर विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। हरियाणा में इस परीक्षा के माध्यम से 2337 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक हर माह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जो सरकारी या अनुदान प्राप्त विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ रहे हैं। विद्यार्थी ने सातवीं कक्षा भी सरकारी या अनुदान प्राप्त स्कूल से पास की होनी चाहिए। इसके अलावा उसके माता-पिता की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से कम होनी जरूरी है। आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को नियमों के अनुसार आरक्षण दिया जाएगा। आवेदन के दौरान संबंधित प्रमाण-पत्र भी अपलोड करना होगा। आवेदन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और एससीईआरटी हरियाणा की वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।