छांयसा। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीआरएम स्कीम 2026-27 के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों पर सब्सिडी देने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत सुपर सीडर, स्ट्रा चौपर, मल्चर, रिवर्सेबल एमबी प्लाऊ, रोटरी स्लेशर (कटर), स्ट्रा बेलर, हे-रैक तथा रीपर बाइंडर जैसे कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार इच्छुक किसान 15 जून 2027 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
सब्सिडी प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा ट्रैक्टर की वैध आरसी प्रस्तुत करनी होगी। ट्रैक्टर की आरसी फैमिली आईडी में शामिल किसी सदस्य के नाम होना अनिवार्य बताया गया है। वहीं स्मॉल एवं मार्जिनल किसानों के लिए पटवारी रिपोर्ट भी जरूरी होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं किसानों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे जिन्होंने वर्ष 2025 में धान (जीरी) तथा 2025-26 में गेहूं का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर कराया होगा। किसानों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द संपर्क करने की अपील की गई है। संवाद