संवाद न्यूज एजेंसीबल्लभगढ़। विश्व एंटी रेबीज दिवस के अवसर पर राजकीय पशु अस्पताल नीमका की ओर से स्ट्रीट डॉग्स और पालतू कुत्तों के लिए निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गांव नीमका और मनसा सोसाइटी में कुल 30 कुत्तों को एंटी रेबीज वैक्सीन निशुल्क लगाई गई।
इस अवसर पर राजकीय पशु अस्पताल नीमका के प्रभारी वीएलडीए डॉ. राजबेल देशवाल ने बताया कि रेबीज एक बेहद गंभीर बीमारी है, जो संक्रमित कुत्ते या अन्य संक्रमित पशुओं के काटने अथवा उनके संपर्क में आने से मनुष्यों में फैल सकती है। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण विकसित होने के बाद रेबीज लगभग हमेशा घातक होती है, इसलिए बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है।
डॉ. देशवाल ने बताया कि कुत्तों का नियमित एंटी रेबीज टीकाकरण रेबीज की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से राजकीय पशु औषधालय नीमका की ओर से कुत्तों को निशुल्क एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जो भी व्यक्ति अपने पालतू या स्ट्रीट डॉग्स को एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना चाहता है, वह राजकीय पशु अस्पताल नीमका में संपर्क कर सकता है। सभी पात्र कुत्तों को वैक्सीन निशुल्क लगाई जा रही है। उन्होंने नीमका तथा आसपास के गांवों के लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में रेबीज की रोकथाम को प्रभावी बनाया जा सके।