फरीदाबाद। जिले में रविवार से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए सारी तैयारियां कर ली गई हैं। अभियान रविवार से सोमवार तक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पांच वर्ष तक के दो लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 1132 टीमें गठित की गई हैं।
विभाग की ओर से इसके लिए जिले में मेडिकल टीम के लिए 894 बूथ भी स्थापित किए गए हैं। वहीं 571 अति संवेदनशील इलाकों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा हैं। उपायुक्त यशपाल यादव का कहना हैं कि पोलिया अभियान में कोरोना के नियमों को ख्याल रखा जाएगा। इस अभियान के तहत जो टीमें तैयार की गई हैं उनका भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम किया जा चुका है। सीएमओ डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि बूथ एक्टिविटी के लिए 1132 टीमें डोर टू डोर एक्टिविटी के तहत घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक देंगी। इस बार 327 स्लम क्षेत्र, 90 कंस्ट्रक्शन साइट्स व सात क्षेत्रों में घुमंतू जाति और खानाबदोश लोगों पर अधिक जोर दिया जा रहा है। इनके लिए 92 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं।