डबुआ क्षेत्र में मार्च महीने में हुई मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने 19 जून को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक उर्फ बिल्ला (19) निवासी डबुआ कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार धर्मांगदपुर, मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) निवासी पवन कुमार ने शिकायत में बताया था कि उसका छोटा भाई संजीव कुमार, जो डबुआ कॉलोनी में रहता था, चार मार्च को अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था। इसी दौरान शुक्ला आटा चक्की के पास बादल, राधे, सन्नी, बिल्ला, करण और अन्य युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने संजीव के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग गए। गंभीर रूप से घायल संजीव का उपचार चल रहा था, लेकिन चोटों के कारण 15 मार्च को उसकी मौत हो गई। इसके बाद थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी।
जांच में सामने आया कि मृतक संजीव ने कथित तौर पर आरोपी बादल की बहन के साथ बदसलूकी की थी। इसी रंजिश को लेकर बादल ने अपने साथियों रितिक उर्फ बिल्ला, भविष्य, विशाल, राधे, सन्नी और अन्य के साथ मिलकर संजीव पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार मारपीट में आई चोटों के कारण ही संजीव की बाद में मृत्यु हुई।
अपराध शाखा की जांच में अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब रितिक उर्फ बिल्ला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के लिए उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।