सेक्टर-30 के पास गलत दिशा से आई कार सवार महिला ने दूसरी कार में मारी टक्कर
हादसे में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त, गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं लगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने से सोमवार दोपहर बाद एक अन्य हादसा हो गया। सेंट्रो कार को एक महिला गलत दिशा में चला रही थी, जिससे पलवल से नोएडा जा रहे सचिन की डस्टर कार टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों कार सवार या किसी अन्य को गंभीर चोट नहीं लगी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कार चालकों में आपस में समझौता हो गया और कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई। गलत दिशा में चलाने को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-30 के पास ये हादसा सोमवार दोपहर बाद लगभग 4 बजे हुआ। पलवल निवासी सचिन कार से एक्सप्रेसवे से नोएडा की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक अन्य कार चल रही थी। अचानक से आगे चल रही कार सवार ने सामने गलत दिशा से आ रही कार से बचने के लिए कट मारा। इससे वो कार तो बच गई लेकिन जब तक सचिन कुछ समझ पाते, गलत दिशा से आ रही कार इनकी कार से टकरा गई।
टक्कर लगने के बाद दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद काफी वाहन चालक मौके पर जमा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना से पुलिस टीम व यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कारों को साइड करवाकर बाकी वाहनों को निकलवाया गया।