राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 40 हजार से अधिक विद्यार्थी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में सोमवार से बाल वाटिका तीन से लेकर पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। बाल वाटिका तीन से लेकर कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों की परीक्षा निपुण दक्षताओं के आधार पर आयोजित की जाएगी। इन कक्षाओं में बच्चों के पढ़ने, लिखने और गणना करने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रश्न तैयार किए गए हैं। वहीं कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा तैयार किए गए प्रश्न पत्रों के आधार पर होगी।
जानकारी के अनुसार परीक्षा में जिले के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 40 हजार से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा के पहले दिन बाल वाटिका से लेकर कक्षा तीन तक विद्यार्थी अंग्रेजी, गणित और हिंदी विषय की परीक्षा देंगे। विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन परीक्षाओं का आयोजन 25 मार्च तक होगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्कूलों में परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके साथ ही सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान बच्चों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं स्कूल प्रबंधन को यह भी कहा गया है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु रूप से पूरा किया जाए।