19 और 20 नवंबर को होगा जिला स्तरीय आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलने जा रहा है। हरियाणा सरकार और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से 19 और 20 नवंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 11 नवंबर तक माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद यूनिक आईडी के साथ आईटीआई में आवेदन जमा करवाना होगा। जानकारी के अनुसार, युवा महोत्सव में लोक नृत्य, लोकगीत, कविता, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें एकल और समूह दोनों श्रेणियों में प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। समूह प्रतियोगिता में अधिकतम 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। महोत्सव का उद्देश्य लोक कला और परंपराओं को बचाने के साथ युवाओं में राष्ट्रीय एकता की भावना बढ़ाना है। जिला स्तर पर विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। एनआईटी स्थित राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों का जिले का स्थायी निवासी होना जरूरी है। उनकी आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।