संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी सरकारी और निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 3 अगस्त से 14 अगस्त तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को देश के स्वतंत्रता संग्राम और भारत के गणराज्य बनने की ऐतिहासिक यात्रा से परिचित कराना है।
जानकारी के अनुसार क्विज प्रतियोगिता में स्वतंत्रता आंदोलन, देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माण और भारत के गणराज्य बनने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होगी, जिससे छात्र-छात्राएं अपने मोबाइल के माध्यम से आसानी से इसमें शामिल हो सकेंगे। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।