लोगों के जुटने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड थाना क्षेत्र में नशे में एक युवक ने बीच सड़क दो वाहनों के शीशे तोड़ दिए और दो रेहड़ी चालकों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पर्वतीय कॉलोनी निवासी फैजान ने पुलिस को बताया कि वह प्रत्येक बृहस्पतिवार सेक्टर-19 स्थित पीर बाबा मस्जिद के पास लगने वाले बाजार में कपड़ों की रेहड़ी लगाता है। तीस जुलाई को वह कार से बाजार जा रहा था। एमसीएफ चौक के पास एक युवक ने उसकी कार के सामने आकर रास्ता रोक लिया, गाली-गलौज की और पत्थर मारकर कार का अगला शीशा तोड़ दिया।
इसी दौरान बाजार में रेहड़ी लगाने वाले मोहम्मद तौकिर अपने टेंपो से वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि युवक ने उनके टेंपो का अगला शीशा भी पत्थर से तोड़ दिया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था। आसपास लोग जुटने पर वह दोनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी की पहचान बाबा नगर निवासी आयान उर्फ बब्बू टल्ला के रूप में हुई। ओल्ड थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।