पुलिस टीम जांच के लिए बैंक पहुंची तो ब्रांच में कार्यरत कर्मचारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया
सेंट्रल थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लॉकर से लगभग एक किलो सोने व 2 किलो चांदी के आभूषण गायब करने व इसे किसी अन्य को अलॉट करने के मामले में सेंट्रल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। 30 जनवरी को मामला सामने आने व शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम ने सेक्टर-15 एसबीआई शाखा जाकर स्टॉफ से पूछताछ की।
आरोप है कि यहां कार्यरत कर्मचारियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले में जांच शुरू की गई है। सेक्टर-15 स्थित एसबीआई शाखा में ये मामला 30 जनवरी को सामने आया। सेक्टर-15ए के रहने वाले डीसी गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बैंक में लॉकर नंबर 1038 उनके व पत्नी मोनिका गर्ग के नाम पर 10-12 साल से चल रहा था। 30 जनवरी की दोपहर महिला मोनिका बैंक में लॉकर ऑपरेट करने गई तो लॉकर ऑपरेटर कर्मचारी महिला ने कहा कि आपके नाम पर यहां लॉकर नहीं है। आप जो लॉकर बता रही हो, वो तो विकास चौहान के नाम पर है। महिला मोनिका ने अपने लॉकर की चाबी दिखाई तो महिलाकर्मी ने साथ लेकर चाबी लगवाई लेकिन लॉकर नहीं खुला।
मोनिका ने कॉल कर पति डी सी गर्ग को इस बारे में बताया। वे बैंक पहुंचे और मैनेजर पवन रावत से बात की तो पता चला कि बैंक कर्मियों की ओर से लॉकर का ताला तुड़वाकर इसे अन्य को दे दिया गया है। लॉकर के नए धारक विकास चौहान को बुलवाकर इसे खुलवाया गया तो अंदर रखा लगभग 1 किलो सोने व 2 किलो चांदी के आभूषण गायब मिले। मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसबीआई के रीजनल मैनेजर अनिल दलाल को भी बुलवाया गया। मामले में अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।