पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के आलीमेव गांव में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला को जमीन बिकवाने का झांसा देकर बैंक खाता खुलवाया गया और उसके खाते से करीब 11 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जैतूनी ने बताया कि 2023 में उसके पति फजरु का निधन हो गया था। उनकी कोई संतान नहीं है। इसी बीच गांव के ही हाकम नामक व्यक्ति ने उनसे कहा कि वह उसकी जमीन बिकवा देगा, लेकिन इसके लिए बैंक खाता खुलवाना जरूरी होगा। भरोसा जताते हुए वह हाकम के साथ होडल चली गईं।
जैतूनी का आरोप है कि 19 अगस्त 2025 को होडल स्थित एक फाइनेंस बैंक में हाकम, लोकेन्द्र सिंह निवासी होडल और प्रतीक कुमार निवासी बढराम की मिलीभगत से उनके नाम से खाता खोला गया। खाते में हाकम ने अपना मोबाइल नंबर लिंक करा दिया और एटीएम, पासबुक व किट अपने पास रख ली। महिला के अनुसार, अगले दिन 20 अगस्त को जमीन की बिक्री के नाम पर तीन अलग-अलग चेक से उनके खाते में 11 लाख 75 हजार रुपये जमा किए गए। इसके बाद हाकम ने खाते की जानकारी और किट अपने कब्जे में रखते हुए फोन पे के माध्यम से साहीन, रुकसाना, खुद और अन्य लोगों के जरिये कुल 11 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए। जब पीड़िता ने हाकम और साहीन से पैसे लौटाने की मांग की, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।