फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: एक ही मोबाइल नंबर से कई बार हुई एंबुलेंस की रेफरल बुकिंग

विज्ञापन
विज्ञापन
50 लाख रुपये के डीजल खर्च की पड़ताल करने पहुंची राज्य स्तरीय टीम
विज्ञापन

पेट्रो कार्ड रिचार्ज और मरम्मत के रिकॉर्ड भी खंगाले
8 गाड़ियों के रिकॉर्ड की जांच की आशंका


संवाद न्यूज एजेंसी


फरीदाबाद। एंबुलेंस के बिना चले ही 50 लाख रुपये का डीजल खर्च होने के मामले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से गठित राज्य स्तरीय जांच कमेटी मंगलवार को फरीदाबाद पहुंची। टीम ने एंबुलेंस संचालन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने के साथ अधिकारियों, चालकों और कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच के दायरे में बीके अस्पताल की आठ एंबुलेंस आ रही हैं।

शुरुआती पड़ताल में एक ही मोबाइल नंबर से कई बार रेफरल बुकिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल से दिल्ली एम्स के लिए की गई रेफरल बुकिंग भी शामिल है। जांच में अब जिले की दूसरी एंबुलेंस के संचालन और ईंधन खर्च का रिकॉर्ड भी खंगाले जाने की संभावना है। इस मामले में एंबुलेंस की संख्या आठ तक होने की बात कही जा रही है। ऐसे में विभाग के पास उपलब्ध सभी एंबुलेंस के रिकॉर्ड जांच के दायरे में आ गए हैं। टीम ने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रचना शर्मा सहित संबंधित कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। हालांकि जांच में सामने आई जानकारियों को लेकर अधिकारी फिलहाल कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
विज्ञापन



पेट्रो कार्ड के रिचार्ज का हिसाब भी जांचेगी टीम


जांच का एक अहम पहलू एंबुलेंस में डीजल भरवाने के लिए इस्तेमाल होने वाले पेट्रो कार्ड भी हैं। प्रत्येक कार्ड की निर्धारित लिमिट चार हजार रुपये है। लिमिट समाप्त होने के बाद कार्ड दोबारा रिचार्ज कराने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय को ईमेल के माध्यम से जानकारी भेजनी होती है। इसके बाद ही रिचार्ज किया जाता है। ऐसे में जांच टीम कार्ड के इस्तेमाल, रिचार्ज की तारीख और ईंधन खर्च के रिकॉर्ड का मिलान कर सकती है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि एंबुलेंस में वास्तव में कितना डीजल डलवाया गया और उसका उपयोग कहां हुआ।



मरम्मत के लिए खड़ी एंबुलेंस भी जांच के दायरे में


मोहना और धौज स्वास्थ्य केंद्रों की उन एंबुलेंस का मामला भी जांच में महत्वपूर्ण हो सकता है, जो मरम्मत के लिए वाईएमसीए चौक के पास एक एजेंसी में खड़ी थीं। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर सकती है कि मरम्मत के लिए गई गाड़ियां स्वास्थ्य केंद्रों तक कैसे पहुंचीं और उनके आवागमन का रिकॉर्ड किस तरह दर्ज किया गया। इसके अलावा जांच के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो सके। संबंधित कर्मचारियों से इन रिकॉर्ड के बारे में भी जवाब मांगा जा सकता है।
विज्ञापन




मंगलवार को जांच के बाद बुधवार को भी टीम जिले में पड़ताल जारी रखेगी। इसके बाद पूरी रिपोर्ट स्वास्थ्य निदेशालय को सौंपी जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही डीजल खर्च और एंबुलेंस संचालन में कथित अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सीएमओ जयंत आहूजा ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें