सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास ट्रक में घुसी स्कूटी
परिजनों ने समय पर उपचार न मिलने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे पर सेक्टर-28 मेट्रो स्टेशन के पास रविवार देर रात सड़क हादसे के बाद एंबुलेंस के एक घंटे से अधिक देरी से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई। हादसे में स्कूटी सवार दिल्ली निवासी सिद्धार्थ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस और उपचार मिल जाता तो सिद्धार्थ की जान बच सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे आ रही स्कूटी ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद सिद्धार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। लोगों का दावा है कि हादसे के बाद सिद्धार्थ की सांस चल रही थी लेकिन एंबुलेंस एक घंटे से अधिक समय बाद पहुंची। इससे मौके पर लोगों में नाराजगी फैल गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराया। घायल साहिल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सिद्धार्थ के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया। मृतक की मां रजनी ने बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता सहारा था और म्यूजिक कंपोजिशन का काम करता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।