इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में पहली बार एलुमनाई मीट का आयोजन
संवाद न्यूज एजेसी
फरीदाबाद। हरियाणा पर्यटन विभाग के अग्रणी संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) में शुक्रवार को पहली बार एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्थान से पास आउट हो चुके छात्रों को फिर से एक मंच पर लाना और उन्हें वर्तमान में पढ़ रहे विद्यार्थियों के साथ जोड़ना था।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. लोहानी ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व छात्र किसी भी संस्थान की रीढ़ होते हैं। उन्होंने अपनी पूरी टीम को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. सतवीर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने संस्थान के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि एलुमनाई मीट का उद्देश्य यह जानना भी होता है कि हमारे छात्र अपनी व्यावसायिक यात्रा में कितनी प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने वर्तमान छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और उन्हें अपने वरिष्ठों के अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
पूर्व छात्रों में से एक एडवोकेट हर्षल दिलवाली ( क्लारिसा ग्रुप के डायरेक्टर और सीईओ) ने अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 2015-18 बैच में यहां से पढ़ाई की थी। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ भी मैं हूं, इसी संस्थान की बदौलत हूं। वहीं सिद्धांत चावला (2016-19 बैच) ने भावुक होते हुए कहा कि कैंपस में वापस आकर सारी यादें ताजा हो गईं और वे भविष्य के होटलियर्स को प्रेरित करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।