संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेलों में जिले का नाम रोशन करने वाले जिले के खिलाड़ी पढ़ाई में भी कामयाबी हासिल कर रहे हैं। मंगलवार को घोषित हुए एचबीएसई के 12वीं के परीक्षा परिणाम में कई खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों से मंगलवार को अमर उजाला टीम ने बात की। छात्रों ने कहा कि खेलों में बेहतर करने के लिए कोच का दबाव रहता है तो ये जमकर पसीना बहाते हैं। लेकिन खेल के साथ ही वे पढ़ाई को भी अहमियत देते हैं। जीवन में पढ़ाई का भी महत्व होता है, इसी के चलते पढ़ाई को लेकर भी सक्रिय रहते हैं।
बातचीत
मैं कबड्डी खेलता हूं, भारतीय टीम और पीकेएल में खेलना मेरा सपना है। हालांकि इसके साथ-साथ मैं पढ़ाई के लिए समय निकाल लेता हूं। मेरा 12वीं का परिणाम आ चुका है जिसमें मेरे 71 प्रतिशत अंक आए हैं। मैं काफी खुश हूँ। पढ़ाई को लेकर मेरा परिवार और मेरे कोच प्रवीण मुझे पूर्ण समर्थन करते हैं जिससे मैं दोनों चीजों में माहिर हूं।अभिषेक
मेरा परिणाम आ चुका है जिसको लेकर मैं बहुत खुश हूं और परिवार में भी खुशी का माहौल है। इसके अलावा बचपन से ही मुझे क्रिकेट खेलना अच्छा लगता था। मेरे 12वीं में 68 प्रतिशत अंक आए हैं। पढ़ाई के साथ खेल थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन जब जज्बा होता है तो कोई भी चीज सपने के आगे नहीं आती। क्रिकेट और पढ़ाई दोनों में शानदार प्रदर्शन करना है। मयंक वर्मा
मैं कई बार राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर कबड्डी प्रतियोगिता में भाग ले चुका हूं। इनमें राज्य स्तरीय खेलों में पदक भी जीत चुका हूं। मेरी बचपन से ही खेल में रुचि थी जिसके बाद मैं कबड्डी खेलने लगा। मेरा 12वीं का परीक्षा परिणाम आ चुका है जिसमें मेरे 64 प्रतिशत अंक आए हैं। मेरे कोच मेरी पूरी मदद करते हैं। मैं स्कूल से आने के बाद ग्राउंड पर खेल का अभ्यास करता हूं। मोहित