खेल के साथ पढ़ाई में भी खिलाड़ी दिखा रहे दम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेलों में जिले का नाम रोशन करने वाले जिले के खिलाड़ी पढ़ाई में भी कामयाबी हासिल कर रहे हैं। बुधवार को घोषित हुए सीबीएसई के परिणाम में कई खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों से मंगलवार को अमर उजाला टीम ने बातचीत की। छात्रों ने कहा कि खेल के साथ ही वे पढ़ाई को भी अहमियत देते हैं। जीवन में पढ़ाई का भी महत्व होता है, इसी के चलते पढ़ाई को लेकर भी सक्रिय रहते हैं।
बातचीत
केशव शर्मा
मैं क्रिकेट खेलता हूं। भारतीय टीम के लिए क्रिकेट खेलना मेरा सपना है। इसके साथ-साथ मैं पढ़ाई के लिए समय निकाल लेता हूं। मेरे 71 प्रतिशत अंक आए हैं। मैं काफी खुश हूं। पढ़ाई को लेकर मेरा परिवार और मेरे कोच अशोक प्रजापति मुझे पूर्ण समर्थन करते हैं जिससे मैं दोनों चीजों में माहिर हूं।
गरिमा कुमारी
मैं कई बार राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर पर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हूं। इनमें राज्य स्तरीय अस्मिता खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक और डीएवी नेशनल में कांस्य पदक जीत चुकी हूं। मेरी बचपन से ही खेल में रुचि थी जिसके बाद मैं ताइक्वांडो खेलने लगी। मेरा दसवीं का परीक्षा परिणाम आ चुका है जिसमें मेरे 80.5 प्रतिशत अंक आए हैं। कोच आनंद त्यागी मेरी पूरी मदद करते हैं। मैं स्कूल से आने के बाद ग्राउंड पर खेल का अभ्यास करती हूं।
रौनक अरोड़ा
मेरा परिणाम आ चुका है जिसको लेकर मैं बहुत खुश हूं और परिवार में भी खुशी का माहौल है। इसके अलावा बचपन से ही मुझे क्रिकेट खेलना अच्छा लगता था। मेरे दसवीं में 75 प्रतिशत अंक आए हैं। पढ़ाई के साथ खेल थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन जब जज्बा होता है तो कोई भी चीज सपने के आगे नहीं आती। क्रिकेट और पढ़ाई दोनों में शानदार प्रदर्शन करना है।