वन विभाग से नियमित निगरानी बढ़ाने की भी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रीनफील्ड कॉलोनी के गेट नंबर-5 के पास निर्माण कार्य के दौरान हरा-भरा पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण के लिए एक पेड़ को जड़ से काट दिया गया है, जबकि दो अन्य पेड़ों को भी हटाने की तैयारी की जा रही है।
निवासियों के अनुसार क्षेत्र में पहले भी कई बार बिना अनुमति के पेड़ काटे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि लगातार पेड़ों की कटाई से क्षेत्र की हरियाली प्रभावित हो रही है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभागों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में कॉलोनी में पेड़ों की संख्या तेजी से कम हो जाएगी। उन्होंने वन विभाग से नियमित निगरानी बढ़ाने की भी मांग की है। मामले पर जिला वन अधिकारी झलकार उयके ने कहा कि शिकायत की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन विभाग की अनुमति के बिना किसी भी पेड़ को काटना नियमों के विरुद्ध है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।