शिकायत देकर कार्रवाई की मांग, माइनिंग विभाग करेगा जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। गांव मोहना में ग्राम पंचायत की करीब 13 एकड़ भूमि पर ग्रीन एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान अवैध मिट्टी खुदाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित एजेंसी को पंचायत भूमि से केवल तीन फीट तक मिट्टी उठाने की अनुमति दी गई थी लेकिन इसके विपरीत छह से सात फीट तक खुदाई की जा रही है।
इससे पंचायत की सामूहिक संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने माइनिंग विभाग और एसडीएम बल्लभगढ़ को लिखित शिकायत देकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यदि समय रहते अवैध खुदाई पर रोक नहीं लगाई गई तो पंचायत भूमि को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की जमीन गांव की साझा धरोहर है और इसके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मामले को लेकर गांव के कई जिम्मेदार लोग भी सामने आए हैं। सतवीर सिंह, ईश्वर नंबरदार, मुकेश कुमार, बसंत, सुरेंद्र तंवर, विशन, पंडित गिर्राज, वीरेंद्र, यशपाल और कृष्णा सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि ग्रीन एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट की आड़ में नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। एसडीएम मयंक भारद्वाज ने बताया कि माइनिंग विभाग के साथ मौके का निरीक्षण किया गया है, जहां मिट्टी खोदी हुई पाई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।