फरीदाबाद। डबुआ-पाली रोड स्थित स्टील कंपनी की छत पर बने कमरे में मजदूर से मारपीट कर उसे बेहोशी की हालत में छोड़ने का आरोप है। पीड़ित बोल और सुन नहीं सकता। घटना 20 सितंबर की रात की बताई गई है।
एमएलसी में सात चोट मिलने और बाद में फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर डबुआ थाना पुलिस ने 27 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की है। आगरा निवासी मजदूर कंपनी की छत पर बने कमरे में रहता है। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि उसके साथ रहने वाले नरेंद्र उर्फ नीटू ने रात करीब 10 बजे उस पर हमला किया और बेहोश होने के बाद छोड़कर चला गया। पीड़ित के पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो भी बनाया। पीड़ित ने नरेंद्र के भाई प्रदीप पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। प्रदीप उसी कंपनी में सुपरवाइजर है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 23 सितंबर की एमएलसी में आंख के पास सूजन व खरोंच, कान के पीछे चोट, चेहरे की हड्डी पर सूजन, पेट, जांघ और सीने में दर्द समेत सात चोट दर्ज की गई थीं। 27 सितंबर को मिली रिपोर्ट में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। संवाद