पानीपत में आयोजित हुई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित फरीदाबाद टेनिस अकादमी में अभ्यास करने वाले भारतीय वायु सेना के टेनिस खिलाड़ी अजय मलिक ने पानीपत में शानदार प्रदर्शन किया है। अजय ने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के 2.5 लाख रुपये के इनामी टूर्नामेंट में खेलते हुए सिंगल्स और डबल्स दोनों श्रेणियों में अपना दमखम दिखाया। इस दौरान उन्होंने सिंगल्स में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया जबकि डबल्स में सार्थक के साथ मिलकर खिताब अपने नाम किया।
डबल्स में अजय मलिक और उनके जोड़ीदार सार्थक ने सभी लीग चरण के मुकाबले को जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में अजय का सामना प्रिंगल और राहुल कुमार की जोड़ी से हुआ, जिनको अजय और सार्थक ने 6-3 और 6-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
वहीं सेमीफाइनल में दोनों खिलाड़ियों ने पार्थ अग्रवाल और जगमीत सिंह की जोड़ी को एक कड़े मुकाबले में 6-7(7), 6-4, 10-6 से हराने में सफलता पाई। फाइनल में अजय और समर्थ ने आदित्य मोर और ओम वर्मा को 7-5, 7-6(5) से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।