फरीदाबाद मुजेसर मेट्रो स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर छाया स्मॉग। फोटो जाेगेंद्र शर्मा
बल्लभगढ़ का एक्यूआई 397 और फरीदाबाद का 313 दर्ज
सुबह धुंध के कारण सड़कों पर धीमी रही वाहनों की रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली से पहले ही शहर की हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आसमान में धुएं और धुंध की परत छाई हुई है। सुबह के समय सड़कों पर धुंध अधिक रही। इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई और वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही। प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने से लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शुक्रवार शाम चार बजे जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के आंकड़ों के अनुसार बल्लभगढ़ का एक्यूआई 397 दर्ज किया गया। इसके साथ ही बल्लभगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में पचगांव 426 और गजरौला 407 के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
फरीदाबाद का एक्यूआई 313 दर्ज किया गया। देश के शहरों की सूची में फरीदाबाद 16वें स्थान पर रहा। दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दोनों जगह पीएम 2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारक रहा। गौरतलब है कि 301 से 400 के बीच एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर पर लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों का कहना है कि शहर में प्रदूषण बढ़ने के बीच खुले में कचरा या अन्य सामग्री जलाने से बचना जरूरी है। निर्माण स्थलों और सड़कों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करना भी अहम है। ग्रेप-2 लागू होने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा है। हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं।