संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यात्रा को सुगम बनाने व दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जल्द ही एआई आधारित नेशनल सर्वेक्षण वाहन (एनएसवी) से सड़कों का सर्वेक्षण शुरू करने जा रहा है। एनएसवी तकनीक के जरिये सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे का सर्वे होगा, जिससे सड़क की हर छोटी-बड़ी खामी उजागर हो सकेगी।
एनएचएआई के विशेषज्ञ सर्वेक्षण रिपोर्ट का विश्लेषण कर सुधार के कार्य तय करेंगे। यदि एक्सप्रेसवे की मरम्मत के निर्देश पहले दिए गए थे और वे पूरे नहीं हुए तो संबंधित परियोजना निदेशक से जवाब मांगा जाएगा। यह सर्वेक्षण सड़कों और फुटपाथों की स्थिति से जुड़े सभी आंकड़े जुटाएगा जैसे दरारें, गड्ढे, पैच, टूटी रेलिंग, अवैध कट, गलत एंट्री या एग्जिट आदि। सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर सटीक निगरानी संभव होगी। नेटवर्क सर्वेक्षण वाहन (एनएसवी) अत्याधुनिक सेंसर और डेटा अधिग्रहण प्रणाली से लैस उपकरण है, जो सड़क रखरखाव की पारदर्शिता और गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा।