राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा ने विद्यालयों और शिक्षकों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विद्यार्थियों को अब भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल स्किल्स और 21वीं सदी के आधुनिक कौशल अब सरकारी स्कूलों के बच्चों की पहुंच में होंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा ने टेक स्किल्सस्कूल्स कार्यक्रम के तहत विद्यालयों और शिक्षकों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को नई पहचान मिलेगी और विद्यार्थियों को तकनीकी दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। एससीईआरटी के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक से 10 ऐसे सरकारी विद्यालयों का चयन किया जाएगा, जहां तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का माहौल हो। चयनित विद्यालयों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से तकनीक आधारित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि उन्हें डिजिटल टूल्स, एआई और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से भी परिचित कराएगा।
22 जून भेजने होंगे नामांकन
एससीईआरटी हरियाणा ने सभी जिला एवं ब्लॉक अधिकारियों से कहा है कि विद्यालयों और शिक्षकों के नामांकन निर्धारित मानकों के अनुसार 22 जून तक भेजना सुनिश्चित करें। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक चयनित विद्यालय से चार शिक्षकों का नामांकन किया जाएगा। इन शिक्षकों को तकनीक आधारित प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा। इससे कक्षाओं में डिजिटल शिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
वर्जन
स्कूलों से अपडेट मांगी गई है। निदेशालय से आए आदेश ब्लाॅक अधिकारियों तक भेज दिए गए हैं। एआई और डिजिटल स्किल की पढ़ाई अच्छी पहल है। समय के अनुसार बच्चों को नया सीखने को मिलेगा। -अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी