केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने ऑनलाइन देखा शुभारंभ कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रधानमंत्री द्वारा शनिवार को प्रधानमंत्री धन-धान्य किसान योजना, दलहन मिशन व अन्य योजनाओं का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र भूपानी में भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण के साथ हुई।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक दर्शन का मूल मंत्र ‘अन्योन्द दय’ है। प्रधानमंत्री के हर निर्णय के केंद्र में वंचित, गरीब, मजदूर और अन्नदाता किसान रहते हैं। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। लाखों छोटे किसानों को वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है, जिससे उन्हें बाजारों तक पहुंच आसान हुई है, खेती की लागत घटी है और उनकी आय में वृद्धि हुई है। आज देश अपने अन्नदाताओं पर गर्व करता है।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र फरीदाबाद के डॉ. अशोक कुमार देशवाल, डॉ. वर्षा रानी, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. जग नारायण यादव, नंदकिशोर, रवि, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग व पशु व डेयरिंग विभाग के डॉ. सत्येंद्र धनखड़ सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ विभिन्न गांव के सरपंच व गांव चिरसी, मोहना, बहादुरपुर, अलीपुर, अरुआ, नचौली, भूपानी से किसानों और गांव की महिलाओं ने भाग लिया।