अवैध निर्माण पर की जा रही कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर की जा रही कार्रवाई पर फिलहाल हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। वर्ल्ड स्ट्रीट से भतौला चौक तक सड़क किनारे बने बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्तरां, शोरूम और मैरिज गार्डन को जिला नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) की ओर से नोटिस जारी किए गए थे।
इन नोटिसों को मौके पर चस्पा भी कर दिया गया था। दूसरे पक्ष ने कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की, जिस पर कोर्ट ने फिलहाल स्टे दे दिया है। विभाग की ओर से भी अदालत में जवाब दाखिल किया जा चुका है, जिसमें इन निर्माणों को अवैध कब्जा बताया गया है। अब इस पूरे मामले में अगली सुनवाई 17 अप्रैल को होगी। विभाग का कहना है कि संबंधित निर्माण कृषि भूमि पर बिना सीएलयू, बिना लाइसेंस और बिना रेरा मंजूरी के किए गए हैं। सेक्टर-79, 80, 81, 86, 87 और 88 में करीब 40 से अधिक निर्माण चिन्हित किए गए हैं। बुदैना गांव के पास बनी अवैध मार्केट भी विभाग की सूची में शामिल है।
वर्जन ग्रेटर फरीदाबाद में वर्ल्ड स्ट्रीट से भतौला चौक तक अवैध निर्माणों पर डीटीपी ने नोटिस चस्पा किए हैं। मामले में हाईकोर्ट से फिलहाल स्टे मिला है और 17 अप्रैल को सुनवाई होगी। - यजन चौधरी, जिला नगर योजनाकार