दोनों पक्षों में पहले निजी होटल पर हुआ था विवाद, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-10 स्थित निजी होटल के बाहर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद बड़ौली पुल के पास स्कॉर्पियो सवार युवकों पर हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते गांव बड़ौली की ओर जा रही स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर रोका और फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए।
थाना बीपीटीपी पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार हर्ष और अश्वनी ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो में सेक्टर-10 स्थित निजी होटल में खाना खाने गए थे। वहां दूसरे पक्ष के युवक भी मौजूद थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद हर्ष और उसके साथी स्कॉर्पियो से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते बड़ौली अंडरपास से ग्रेटर फरीदाबाद की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर थाना बीपीटीपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।