दामों में उतार-चढ़ाव के चलते पिछले साल के मुकाबले कारोबार में 15 प्रतिशत तक कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। धनतेरस और दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। लोग त्योहार पर सोने और चांदी के आभूषण खरीदने के लिए अभी से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। हालांकि, इस बार सोने और चांदी की कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है। पिछले साल के मुकाबले कारोबार में करीब 15 प्रतिशत तक कमी दर्ज की जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक बाजार में पहुंच रहे हैं और खरीदारी भी कर रहे हैं, लेकिन पहले जैसी तेजी नहीं है।
सराफा कारोबारियों ने बताया कि इस बार ग्राहक खरीदारी को लेकर पहले से ज्यादा सोच-विचार कर रहे हैं। सोने-चांदी के भाव में लगातार बदलाव होने के कारण कई लोग कीमतों में स्थिरता का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, कुछ ग्राहक धनतेरस और दिवाली पर पसंद के आभूषण उपलब्ध रहने के लिए पहले ही उनकी बुकिंग करा रहे हैं। इससे दुकानदारों को त्योहार के दौरान मांग बढ़ने की उम्मीद है।
पुराने आभूषण बदलकर नए खरीद रहे ग्राहक
इस बार बड़ी संख्या में ग्राहक पुराने सोने के आभूषण देकर नए डिजाइन के गहने भी खरीद रहे हैं। इससे उन्हें नए आभूषण खरीदने के लिए पूरी रकम खर्च नहीं करनी पड़ रही है। इसके अलावा ग्राहक भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन के गहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इनमें हल्की चेन, अंगूठी, कानों के टॉप्स और छोटे डिजाइन के आभूषण शामिल हैं।
बातचीत
इस बार ग्राहक सोने के भाव में उतार-चढ़ाव को देखते हुए खरीदारी कर रहे हैं। एडवांस बुकिंग भी हो रही है, लेकिन पिछले साल के मुकाबले कारोबार में करीब 15 प्रतिशत की कमी है।-विशाल नौनिहाल, सराफा व्यापारी
इस बार ग्राहक हल्के आभूषण अधिक पसंद कर रहे हैं। पुराने गहने बदलकर नए डिजाइन खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ी है। एडवांस बुकिंग करीब 15 दिन पहले से शुरू हो गई थी। - सुशांत नौनिहाल, सराफा व्यापारी